



जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट कर पैसों की मांग करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित द्वारा थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसकी बेटी से दोस्ती कर आरोपियों ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और दिसंबर 2025 से उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो को इंस्टाग्राम पर अलग-अलग आईडी बनाकर पीड़ित व उसके परिजनों को भेज रहे थे। आरोपी 70 हजार रुपये की मांग कर रहे थे और रकम नहीं देने पर फोटो वायरल करने की लगातार धमकी दे रहे थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात इंस्टाग्राम आईडी धारकों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। प्रकरण की जांच के दौरान साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े मोबाइल नंबरों की जानकारी निकाली गई, जिससे आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) एवं शिवम भवानी (19 वर्ष), दोनों निवासी पाली नैला, जांजगीर के रूप में हुई। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पाली नैला में दबिश देकर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता की फोटो पोस्ट करने और पैसों की मांग करने का अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से दो मोबाइल फोन जब्त कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।








