Uncategorized

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में समय से पहले छुट्टी, 20 अप्रैल से शुरू होगा ग्रीष्म कालीन अवकाश…

जांजगीर-चांपाप्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। राज्य शासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथियों में संशोधन करते हुए अब प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं गैर-अनुदान प्राप्त स्कूलों में 20 अप्रैल 2026 से ही छुट्टियां घोषित कर दी हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई से 15 जून 2026 तक निर्धारित था, लेकिन वर्तमान में प्रदेश के कई हिस्सों में तेजी से बढ़ते तापमान और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए अवकाश की अवधि बढ़ा दी गई है। अब प्रदेश के समस्त निजी और सरकारी स्कूलों में 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए प्रभावी होगा। स्कूलों के शिक्षक एवं कर्मचारी पूर्व की भांति अपने निर्धारित कार्यों का संपादन करेंगे, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
राज्य शासन के इस फैसले से लाखों स्कूली बच्चों को तपती धूप और लू से राहत मिलेगी। अभिभावकों और शिक्षाविदों ने भी शासन के इस निर्णय का स्वागत किया है, इसे बच्चों के स्वास्थ्य के हित में एक सराहनीय कदम बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अप्रैल माह में ही तापमान 42 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, ऐसे में समय से पहले छुट्टियों का निर्णय छात्रों के लिए राहतभरा साबित होगा।

Related Articles