


चांपा। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद चांपा द्वारा सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 15 मई दिन शुक्रवार को नगर पालिका परिषद चांपा के इंडोर हाल में प्रातः 10 बजे से शिविर का शुभारंभ हुआ।



शिविर में बड़ी संख्या में नगरवासी अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याएं सुन रहे हैं और कई मामलों का तत्काल निराकरण भी किया जा रहा है। जिन मामलों में समय की आवश्यकता है, वहां संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव सहित नगर पालिका के पार्षदगण भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आदिवासी विकास विभाग द्वारा रविदास चर्मशिल्प योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को पेटी एवं किट का वितरण किया गया। योजना का लाभ पाकर हितग्राहियों में खुशी देखने को मिली और उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


शिविर में दिनभर लोगों की बनी है। प्रशासन द्वारा प्रत्येक समस्या और मांग को गंभीरता से सुना जा रहा है तथा त्वरित और प्रभावी निराकरण के प्रयास लगातार जारी हैं। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें और शासन की योजनाओं की जानकारी लें।





