


जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंवतरा में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात ऐसी दर्दनाक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव की एक साधारण सी कच्ची बस्ती में रहने वाले परिवार की खुशियां एक ही रात में हमेशा के लिए खत्म हो गईं।


घर के भीतर चार लोग चैन की नींद सो रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि रात का अंधेरा उनके लिए मौत बनकर आने वाला है। देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुसे और टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना बेरहम था कि घर में सो रहे चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों में 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65 वर्ष), 25 वर्षीय नातिन मोगरा और 17 वर्षीय नाती पीतांबर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मेदनी प्रसाद अपनी पत्नी और दोनों नाती-नातिन के साथ गांव में रहते थे। परिवार बेहद साधारण जीवन जी रहा था।
सुबह जब गांव में हलचल शुरू हुई तो आसपास के लोगों को घर से कोई गतिविधि नजर नहीं आई। संदेह होने पर ग्रामीण वहां पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। घर के भीतर चारों लोगों के शव खून से लथपथ पड़े थे। यह खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों की आंखें उस समय नम हो गईं जब लोगों ने देखा कि जिस घर में कल तक चूल्हा जलता था, वहां आज सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि मेदनी प्रसाद का परिवार पहले से ही दुखों से टूटा हुआ था। करीब 16-17 वर्ष पहले उनके बेटे सोनसाय कश्यप की भी हत्या कर दी गई थी। उस पुराने जख्म का दर्द अभी पूरी तरह भरा भी नहीं था कि अब परिवार के चार सदस्यों की एक साथ हत्या ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया।
मोगरा और पीतांबर की मौत ने ग्रामीणों को सबसे ज्यादा भावुक कर दिया है। गांव के लोग बताते हैं कि दोनों बच्चे बेहद शांत स्वभाव के थे और अपने दादा-दादी का सहारा बने हुए थे। अब एक ही घर से चार अर्थियां उठने की खबर ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने सरपंच को दी, जिसके बाद पुलिस थाना शिवरीनारायण को सूचना भेजी गई। गांव के लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश दोनों है। लोग लगातार मांग कर रहे हैं कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।
फिलहाल पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद जांच और आगे की कार्रवाई शुरू होने की बात कही जा रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या है और इस वारदात को किसने अंजाम दिया, यह अभी रहस्य बना हुआ है।





