Uncategorized

नगर पंचायत बम्हनीडीह निर्वाचन 2026 शांतिपूर्ण व सुचारू रूप से संपन्न, 92.57% मतदान …

जांजगीर-चांपा। जिले के नगरीय निकाय नगर पंचायत बम्हनीडीह में वर्ष 2026 का निर्वाचन सोमवार को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे के निर्देशन में निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई। मतदान कार्य में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिससे पूरे दिन मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित रही। एसडीएम चांपा पवन कोसमा ने बताया कि सायं 5 बजे तक कुल 92.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसमें पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 91.73 और महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 93.45 रहा। महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही, जो लोकतंत्र में उनकी सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है। निर्वाचन के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। उच्च मतदान प्रतिशत को लेकर प्रशासन एवं निर्वाचन अमले ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है।

प्रत्येक वार्ड के लिए एक मतदान केन्द्र इस प्रकार कुल 15 मतदान केंद्र बनाया गया था। अध्यक्ष के लिए 5 प्रत्याशी मतदान में है। 4 जून को सुबह 9 बजे से तहसील कार्यालय बम्हनीडीह में मतगणना होगी। पार्षद के 15 पद के लिए कुल 49 प्रत्याशी मैदान में है।

नगर पंचायत बम्हनीडीह में हुए इस सफल और शांतिपूर्ण निर्वाचन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का उदाहरण माना जा रहा है।

Related Articles