चांपा में श्रीरामनवमी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन, 27 मार्च को निकलेगी शोभायात्रा …


चांपा। नगर में श्री रामनवमी के पावन अवसर पर श्री रामनवमी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम 27 मार्च 2026, शुक्रवार को आयोजित होगा। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी शुरुआत शाम 4 बजे से होगी।
शोभायात्रा का आयोजन मेला मैदान, परशुराम चौक, चांपा में किया जाएगा। शोभायात्रा रेलवे टैक्सी स्टैंड, बरपाली चौक, थाना चौक, सुभाष चौक, सदर बाजार, कदम चौक होते हुए नगर भ्रमण करते हुए पुनः परशुराम चौक पहुंचेगी। आयोजन के अंतर्गत शाम 5 बजे से जागरण (भजन संध्या), 6 बजे से दीपदान तथा 7 बजे से महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं के लिए बैठने की विशेष एवं अलग व्यवस्था की गई है। महोत्सव में विशेष आकर्षण के रूप में जीवंत झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें बाहुबली बजरंगबली (रौद्र रूप), भोलेनाथ (रौद्र रूप), नवमुखी काली माता, रामदरबार, अयोध्या की रामलीला सहित अनेक सुंदर धार्मिक झांकियां शामिल रहेंगी। आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे शोभायात्रा एवं दीपदान कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें। साथ ही नागरिकों से अपने घरों के सामने दीपक जलाने एवं रंगोली सजाने का अनुरोध भी किया गया है।
आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों को हिंदू नववर्ष, रामनवमी एवं हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। कार्यक्रम का आयोजन श्री रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति, चांपा द्वारा किया जा रहा है।

