Uncategorized

वार्ड 12 में 22.68 लाख रुपये से बनेगा मुक्तिधाम, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी …

चांपा। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा मुक्तिधाम निर्माण की मांग की जा रही थी। नागरिकों की इस आवश्यकता को देखते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री के समक्ष प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे अधोसंरचना मद से 22.68 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।

भूमिपूजन के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। मुक्तिधाम के निर्माण से नागरिकों को अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि नगर के वार्ड क्रमांक 1, 10, 13, 14, 22 और 25 स्थित मुक्तिधामों में भी अतिरिक्त निर्माण एवं विकास कार्य कराए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के सभापति संजय सोनी ने मुक्तिधाम निर्माण की पहल को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को अंतिम संस्कार संबंधी व्यवस्थाओं में सुविधा मिलेगी।

वार्ड पार्षद भगवंतिन साहू ने कहा कि मुक्तिधाम जैसी मूलभूत सुविधा का विकास सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्षा ऋतु में दाह संस्कार के दौरान लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, प्रतीक्षालय की सुविधा भी नहीं है। मुक्तिधाम निर्माण से इन समस्याओं को दूर करने और नागरिकों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षद महेंद्र तिवारी, सलीम मेमन, गौतम यादव, गंगाराम मांझी, बसंत बघेल, कमल सोनवानी, किशोर मोदी, अनुपम अग्रवाल, विक्रांत बघेल, गायत्री देवी बघेल, कुश चौहान तथा उप अभियंता यज्ञा सिदार सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Related Articles