“मध्यरात्रि माँ कालरात्रि की विशेष आराधना, मां समलेश्वरी दरबार में चढ़ी ” नींबू माला” …


चांपा। नगर की कुलदेवी माँ समलेश्वरी मंदिर में शारदीय नवरात्रि का पर्व पूरे भक्तिभाव और धूमधाम से मनाया जा रहा है। माता रानी के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। भक्त कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए मां के दर्शन कर रहे हैं।
नवरात्रि की सप्तमी पर शनिवार मध्यरात्रि 11 बजे माँ समलेश्वरी के समक्ष माँ कालरात्रि का विशेष पूजन किया गया। इस अवसर पर भक्तों और श्रद्धालुओं ने माता को नींबू की माला अर्पित की। धार्मिक मान्यता में इसे ‘श्वेत बलि’ कहा जाता है। इस विशेष पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माँ कालरात्रि दुर्गा के सातवें स्वरूप हैं और उन्हें संकटों तथा भय से मुक्ति दिलाने वाली देवी माना जाता है। मान्यता है कि प्राचीन परंपराओं में देवी के रौद्र स्वरूप को प्रसन्न करने के लिए बलि और नरमुंडों की माला का उल्लेख मिलता है। वर्तमान समय में प्रतीकात्मक रूप से नींबू की माला अर्पित कर माँ की आराधना की जाती है।
मंदिर में नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना और दर्शन का सिलसिला लगातार जारी है। माँ समलेश्वरी के दरबार में भक्तों की आस्था और उत्साह से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु माँ कालरात्रि से भय, बाधाओं और कष्टों से मुक्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।



