Uncategorized

दुर्गा पंडाल में विधिक सहायता केंद्र, श्रद्धालुओं को दी जा रही कानून की जानकारी …

नैला-जांजगीर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव 2026, नैला में श्रद्धालुओं को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नि:शुल्क विधिक सलाह एवं सहायता केंद्र का स्टॉल लगाया गया है। 14 अक्टूबर से संचालित इस केंद्र के माध्यम से दुर्गा पंडाल में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के सहअध्यक्ष के निर्देश तथा प्राधिकरण के सचिव के मार्गदर्शन में यह पहल की गई है। केंद्र में प्रतिधारक अधिवक्ता परमेश्वर कुमार राठौर तथा अधिकार मित्र लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल और सुशील कुमार सूर्यवंशी श्रद्धालुओं को विधिक जानकारी प्रदान कर रहे हैं। केंद्र के माध्यम से लोगों को नि:शुल्क विधिक सहायता की पात्रता, विधिक सेवा अधिनियम, साइबर अपराध, सामुदायिक मध्यस्थता और महिलाओं के अधिकारों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा, आपराधिक मामलों में महिलाओं के विशेष अधिकार, गिरफ्तारी एवं अभिरक्षा में निरुद्ध व्यक्तियों के अधिकार तथा मोटरयान अधिनियम की जानकारी भी दी जा रही है।

श्रद्धालुओं को नालसा की विभिन्न योजनाओं के तहत आपदा पीड़ितों, वरिष्ठ नागरिकों, आदिवासियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, बच्चों और एसिड हमले के पीड़ितों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में बताया जा रहा है। इसके लिए पंपलेट और जानकारीपरक पुस्तिकाओं का वितरण भी किया जा रहा है।
इस दौरान लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देकर जरूरतमंदों को कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन के माध्यम से विधिक जागरूकता की यह पहल आम नागरिकों तक कानून की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles