Uncategorized

चांपा में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन …

चांपा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चांपा द्वारा गुरुवार, 22 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ जनआंदोलन के द्वितीय चरण के तहत पदयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। थाना चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल से हमर चांपा चौक तक निकाली गई रैली के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार चांपा को सौंपा गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक व्यास कश्यप और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठाए।


कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कथित ‘वोट चोरी’ और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए। ज्ञापन में दावा किया गया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एकतरफा निर्णयों को लेकर अन्य निर्वाचन आयुक्तों ने भी आपत्तियां दर्ज की थीं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया, मतदाता सूची से नाम हटाने और निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली में बदलाव जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठाए गए।

कांग्रेस ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तथा प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा आवश्यक है।

इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडल, सेक्टर, बूथ एवं वार्ड कमेटियों के प्रतिनिधि तथा युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च के माध्यम से चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

Related Articles