



जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जांजगीर-चांपा पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।


संयुक्त निरीक्षण का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने किया। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू, पीडब्ल्यूडी चांपा डिवीजन के एसडीओ दिनेश धुर्वे, शिवरीनारायण क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर डी सी दिनकर, थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, थाना प्रभारी बिर्रा जयकुमार साहू एवं थाना प्रभारी बम्हनीडीह उप निरीक्षक कृष्णपाल सिंह उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान बम्हनीडीह, बिर्रा एवं शिवरीनारायण के उन क्षेत्रों का दौरा किया गया, जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा जिन्हें ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, संकेतकों की उपलब्धता, मोड़ों की दृश्यता एवं ब्लैक स्पॉट की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि तेज गति से वाहन चलाना, यातायात नियमों का उल्लंघन, अपर्याप्त संकेतक व रोड मार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण, खराब रोड सोल्डर, दृश्यता बाधित करने वाले मोड़ तथा कुछ स्थानों पर सड़क की खराब संरचना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।



संयुक्त टीम द्वारा संबंधित विभागों को चेतावनी संकेतक लगाने, स्पीड ब्रेकर निर्माण, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने एवं यातायात नियंत्रण व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे आवश्यक सुधारात्मक उपाय शीघ्र करने के निर्देश दिए गए। इन बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को पत्राचार किए जाने की भी जानकारी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ऐसे निरीक्षण व अभियान लगातार जारी रहेंगे।
साथ ही आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की गई, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।








