बिजली संकट पर उबाल: अध्यक्ष प्रदीप नामदेव के नेतृत्व में पार्षद व मोहल्लेवासी पहुँचे बिजली कार्यालय …




चांपा। वार्ड क्रमांक–2 में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज़ नागरिकों का गुस्सा शुक्रवार को खुलकर सामने आ गया। आज सुबह 11 बजे नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव के नेतृत्व में पार्षदों एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पार्षद श्रीमती गीता सूर्यप्रकाश कंसारी, पार्षद महेंद्र तिवारी, राजन गुप्ता और राजीव नयन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में वार्ड क्रमांक–02 में बार-बार हो रही बिजली गुल की समस्या पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
पार्षद गीता सूर्यप्रकाश कंसारी ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में दिन में कई बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति, पंखा, कूलर सहित दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।



नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही वार्ड क्रमांक–02 की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई, तो नगर पालिका के जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
वार्डवासियों ने भी विद्युत विभाग से मांग की है कि गर्मी के इस कठिन समय में निर्बाध एवं नियमित बिजली आपूर्ति की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। नागरिकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि समस्या जस की तस बनी रही, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।





