


जांजगीर-चांपा। कोटाडबरी धान खरीदी केंद्र में संगठनात्मक सक्रियता और लगातार जनहित कार्यों को देखते हुए जांजगीर-चांपा के विधायक ब्याश कश्यप ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सचिव राकेश जोशी को अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है।

राकेश जोशी को धान खरीदी केंद्र कोटाडबरी में विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। संगठन सूत्रों के अनुसार राकेश जोशी लंबे समय से पार्टी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे लगातार धरना-प्रदर्शन, आंदोलन, बैठकों और पार्टी के घेराव कार्यक्रमों में अग्रिम पंक्ति में नजर आते रहे हैं। बताया जाता है कि राकेश जोशी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील साधवानी के करीबी माने जाते हैं और संगठन के भीतर उनकी सक्रियता एवं जमीनी पकड़ को देखते हुए ही उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने के बाद राकेश जोशी ने कहा कि वे धान खरीदी केंद्र से जुड़े किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे और शासन-प्रशासन तक उनकी बात पहुंचाने का कार्य पूरी ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने विधायक ब्याश कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो विश्वास उन्हें दिया गया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनकी नियुक्ति को कांग्रेस संगठन द्वारा किसानों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।





