Uncategorized

ग्राम करही में पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ, 24 घंटे मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता …

जांजगीर-चांपा। जिले के थाना बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया। पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर शक्ति जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, संयुक्त कलेक्टर शक्ति अरुण सोम सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना से बिर्रा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना देने या सहायता के लिए थाना-चौकी तक भटकना नहीं पड़ेगा। इस केंद्र से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे असामाजिक तत्वों में कानून का भय बढ़ेगा।

पुलिस सहायता केंद्र में चौबीसों घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी समय आमजन को तुरंत सहायता मिल सके। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

शुभारंभ के पश्चात पुलिस अधीक्षक पाण्डेय, शक्ति जिले के एसपी प्रफुल्ल ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टाफ को जनता से सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार करने, प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेने तथा त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

05 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस सहायता केंद्र परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा बृहद स्तर पर वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।पुलिस सहायता केंद्र की शुरुआत से ग्राम करही एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles