

चांपा। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नगर के सुभाष चौक के पास कुश वाटिका में मां सिद्धिदात्री दुर्गा उत्सव समिति द्वारा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। आकर्षक साज-सज्जा, मनमोहक लाइटिंग और विशाल दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं। यहां मां दुर्गा के साथ भगवान जगन्नाथ और सूर्यनारायण के दर्शन का अवसर भी मिल रहा है।

कुश वाटिका में पहली बार इतने भव्य स्तर पर नवरात्रि उत्सव आयोजित किया जा रहा है। गर्मी और उमस से श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए पंडाल में वातानुकूलित व्यवस्था की गई है। इसके चलते भक्त आरामदायक वातावरण में माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन माता रानी को अलग-अलग विशेष भोग अर्पित कर प्रसाद वितरित किया जा रहा है। वृंदावन से आए सहयोगी पंडितों के साथ आचार्य विमल कृष्ण महाराज श्रीधाम विधि-विधान से पूजा-अर्चना करा रहे हैं। समिति द्वारा माता का जागरण, श्याम भजन, मंगल पाठ, संगीतमय आरती और तीन दिवसीय रास गरबा सहित विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

समिति सदस्य एवं माता सेवक प्रकाश अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से सेवा के लिए समिति में नाम दर्ज कराने की अपील की। वहीं अंकित मोदी ने पंडाल की सजावट और वातानुकूलित व्यवस्था की जानकारी दी। अंकित खेतान ने बताया कि इस बार नवरात्रि दस दिनों तक मनाई जा रही है और प्रतिदिन विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। कुश वाटिका का यह भव्य दरबार नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा है।



