

चांपा। विजयादशमी के अवसर पर चांपा नगर में आयोजित होने वाले भव्य दशहरा उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 20 अक्टूबर को भालेराव मैदान में रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। इस बार उत्सव में धार्मिक परंपरा, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा। करीब 50 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं और तीनों पुतले लगभग बनकर तैयार खड़े हैं।
इस वर्ष दशहरा उत्सव में रावण दहन को विशेष बनाने के लिए आधुनिक रिमोट कंट्रोल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा अत्याधुनिक पटाखों से होने वाली रंग-बिरंगी आतिशबाजी दर्शकों को आकर्षित करेगी। विजयादशमी के इस आयोजन में बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।
दशहरा उत्सव में फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा की मौजूदगी और विशेष प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। वहीं, छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा का नाइट शो भी आयोजित किया जाएगा। भगवान श्रीराम के राम दरबार की भव्य झांकी के साथ विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। धार्मिक आस्था और मनोरंजन से सजे इस आयोजन को देखने के लिए चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस बल के साथ स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे। पूरे आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी असुविधा से बचने के लिए सुरक्षा एवं प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
दर्शकों की सुविधा के लिए मैदान के बाहर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही यूट्यूब, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इससे वे लोग भी घर बैठे दशहरा उत्सव देख सकेंगे, जो किसी कारणवश भालेराव मैदान नहीं पहुंच पाएंगे।



