Uncategorized

वार्ड 1 में 10 लाख रुपये से बनेगा छतदार चबूतरा, पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने दी स्वीकृति …

चांपा। नगर पालिका परिषद चांपा के वार्ड क्रमांक 1 के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने अध्यक्ष निधि से 10 लाख रुपये की राशि छतदार चबूतरा निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत की है। नवापारा स्थित देवांगन धर्मशाला परिसर में प्रस्तावित इस निर्माण कार्य के लिए नगर पालिका ने निविदा प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।

पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने बताया कि नवापारा के निवासी लंबे समय से देवांगन धर्मशाला परिसर में छतदार चबूतरा निर्माण की मांग कर रहे थे। देवांगन समाज के सामाजिक कार्यक्रमों के साथ ही अन्य समाजों के लोगों को भी मांगलिक, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए ऐसे स्थान की आवश्यकता महसूस हो रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष निधि से 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रस्तावित छतदार चबूतरे के निर्माण से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। छत होने से लोगों को धूप और बारिश के दौरान भी राहत मिलेगी। इससे विभिन्न आयोजनों में शामिल होने वाले नागरिकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

निर्माण कार्य की स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया शुरू होने पर वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। दिलचंद देवांगन (मेहर), शैलेन्द्र देवांगन, संजय देवांगन, फत्ते चंद देवांगन, पूर्व पार्षद रजनी देवांगन, लक्ष्मी चंद देवांगन (सरहु), बजरंग देवांगन और दिलहरण कंवर सहित अन्य नागरिकों ने पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव एवं नगर पालिका परिवार के प्रति आभार जताया।  वार्डवासियों ने कहा कि छतदार चबूतरे का निर्माण होने से आमजन को विभिन्न सामाजिक और मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र की आवश्यकता से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।

Related Articles