Uncategorized

पैसों के लिए आधी रात को बुलाया, डंडे-चाकू से हमला और पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग! 3 आरोपी गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा। पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद युवक से मारपीट कर हत्या का प्रयास करने के मामले में सिटी कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे की है। प्रार्थी अपने घर पर था, तभी आरोपी आसिफ खान ने फोन कर उसे बुलाया और बीटीआई चौक से बड़े नहर पुल की ओर ले गया। वहां पैसों की मांग करते हुए विवाद किया गया। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर आसिफ ने डंडे से मारपीट की और धारदार चाकू से हमला किया। प्रार्थी का मोबाइल फोन भी पटककर तोड़ दिया गया।

इसी दौरान सतीश यादव उर्फ बाटा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सतीश और उमाशंकर यादव ने डंडे से मारपीट की। सतीश ने कमर के पास रखा कट्टे जैसा हथियार निकालकर फायर किया, जिससे घबराकर प्रार्थी चोट लगने के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में पुलिस ने पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट करने की बात सामने आने का दावा किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में सतीश यादव उर्फ बाटा (32), निवासी आईबी रेस्ट हाउस के पास वार्ड क्रमांक 21 जांजगीर; आसिफ खान (25), निवासी पुरानी बस्ती नैला; और उमाशंकर यादव उर्फ बाबा (28), निवासी खड़पड़ीपारा वार्ड क्रमांक 20 जांजगीर शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि पैसों के लेनदेन से जुड़े विवादों का निपटारा कानून के दायरे में रहकर करें। मारपीट और हथियारों से डराने-धमकाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles