बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में धर्मांतरण की सूचना पर हंगामा, पुलिस ने लगभग 5 लोगों को हिरासत में लिया …






जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे धर्मांतरण की सूचना को लेकर जमकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पिपर्दा भाटा के पास एक मकान में बाहर से आए एक पादरी द्वारा प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि इस सभा के माध्यम से स्थानीय लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद मामले की सूचना बम्हनीडीह थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए लगभग चार लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।



घटना की खबर फैलते ही बजरंग दल चांपा के पदाधिकारी अपने साथियों के साथ थाने की ओर रवाना हुए और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं सूत्रों के अनुसार, बाहर से आए पादरी के समर्थन में भी कुछ लोग थाने पहुंचे हैं, जिससे माहौल संवेदनशील बना हुआ है।
भाजपा एवं बजरंग दल से जुड़े सोनू जायसवाल, आशिष तिवारी, पवन केशरवानी और युवराज चंदेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यदि धर्मांतरण की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता भी थाने में मौजूद रहे।







