Uncategorized

विकास निधि में भेदभाव और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने उठाई आवाज, CM साय को सौंपा ज्ञापन …

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शिवरीनारायण प्रवास के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर जिले में विपक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने विकास निधि के आवंटन में पक्षपात और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

विकास निधि के आवंटन में भेदभाव का आरोप – कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद से जिले में विपक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के विकास निधि संबंधी अधिकारों में कटौती और मनमानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक से लेकर त्रिस्तरीय पंचायत के सरपंचों तक को विकास कार्यों के लिए समान अवसर और अधिकार मिलने चाहिए।

राजेश अग्रवाल ने प्रशासनिक स्तर पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में विकास निधि के आवंटन में कथित तौर पर ‘तेरा-मेरा’ की राजनीति की जा रही है। उनके अनुसार, राज्य गठन के बाद पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में विपक्षी जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं देखा गया था।
जिला पंचायत सदस्यों पर कार्रवाई का मुद्दा उठाया – प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत सदस्यों के साथ हाल ही में हुई कार्रवाई और उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने की घटना पर भी कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाने का प्रयास बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने और क्षेत्र के विकास के लिए काम करने का समान अवसर मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन – कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले की अपने स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने तथा भविष्य में विकास निधि के आवंटन में विपक्षी जनप्रतिनिधियों को भी समान अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवल सिंह ठाकुर शामिल रहे।

Related Articles