विद्यार्थी परिषद ने सुभाष चौक में किया ध्वजारोहण, राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस …

चांपा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) चांपा इकाई द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुभाष चौक में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार नगर मंत्री वेणुनारायण देवांगन ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती …

चांपा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) चांपा इकाई द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुभाष चौक में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार नगर मंत्री वेणुनारायण देवांगन ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर तिलक एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद नगर मंत्री वेणुनारायण देवांगन ने ध्वजारोहण कर भारत माता की जय के जयघोष लगाए। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं एकता का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ABVP रायगढ़ विभाग प्रमुख प्रो. अरुण गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि उन शहीदों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश सेवा में जुटा है। विचार, कर्म और चरित्र के माध्यम से सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिला विद्यार्थी विस्तारक ताम्रध्वज साहू ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के भाव से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि कैंपस से राष्ट्र तक परिषद की यात्रा है। शिक्षित, संगठित और संस्कारित युवा शक्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में सभी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का पर्व हमें अपने कर्तव्यों का बोध कराता है और विद्यार्थी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।
इस अवसर पर नगर सह मंत्री अनामिका द्विवेदी, परिणय सोनी, गौरव देवांगन, अनुराधा द्विवेदी, प्रशांत सोनी सहित परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं परिषद के स्थायी कार्यकर्ताओं एवं पूर्व जिला संयोजक अमर महंत, अजय महंत, आशुतोष सोनी, कपिल द्विवेदी, रितेश महाराणा सहित अनेक पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। सभी ने राष्ट्रगान और वंदे मातरम का सामूहिक गायन कर देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में नगर मंत्री वेणु देवांगन ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया तथा मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
