Uncategorized

कपड़ा दुकान चोरी का खुलासा, आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुडगहन चौक बलौदा स्थित एक कपड़ा दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा महज दो घंटे के भीतर कर दिया। पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया बच्चों का कपड़ा तथा नगद राशि बरामद की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 फरवरी 2026 की रात को बुडगहन चौक बलौदा स्थित कपड़ा दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा बच्चों के कपड़े एवं नगद चिलहर राशि चोरी कर ली गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बलौदा पुलिस ने तत्काल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों से सूचना एकत्र की। प्राप्त सुरागों के आधार पर संदेही विनोद देवार, उम्र 20 वर्ष, निवासी देवार पारा बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर कड़ाई एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से चोरी किया गया बच्चों का कपड़ा तथा नगद रकम कुल लगभग 2,857 रुपये बरामद कर पुलिस ने जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक कौशल सिदार, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, रज्जू टंडन, संदीप सोनंत, टिकेश्वर राठौर एवं प्रहलाद कश्यप का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles