27.78 करोड़ की मंजूरी से मजबूत होगा जांजगीर–पीथमपुर मार्ग, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत …






जांजगीर-चांपा। जिले के बहुप्रतीक्षित जांजगीर–पीथमपुर ग्रामीण मार्ग के मजबूतीकरण का रास्ता साफ हो गया है। लगभग 9.30 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए 27.78 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति को वित्त विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।


इस संबंध में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता, जशपुर जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमर सुल्तानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जांजगीर–पीथमपुर मार्ग का मजबूतीकरण क्षेत्रीय विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीथमपुर क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां स्थित बाबा कलेश्वर नाथ धाम में हर वर्ष विशाल मेला आयोजित होता है। सड़क के सुदृढ़ होने से श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि लंबे समय से जांजगीर से पीथमपुर तक का यह मार्ग जर्जर हालत में था। गड्ढों और उखड़े डामर के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों, छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार अस्पताल पहुंचने में देरी से लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती थीं।


अब सड़क निर्माण एवं मजबूतीकरण की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह मार्ग न केवल सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि आसपास के गांवों की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बेहतर सड़क सुविधा से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





