
चांपा। नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विवेकानंद उद्यान के विकास एवं गौरव पथ पर फुटपाथ निर्माण के लिए कुल 40.76 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव के प्रयासों से नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इन विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की है। दोनों कार्यों के लिए निविदा की प्रक्रिया की जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने बताया कि विवेकानंद उद्यान और गौरव पथ के उन्नयन की आवश्यकता से उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव को मुलाकात कर अवगत कराया था। इस पर मंत्री ने विवेकानंद उद्यान के विकास के लिए 18.90 लाख रुपये तथा गौरव पथ फुटपाथ निर्माण के लिए 21.86 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

लोक निर्माण कार्य सभापति संजय सोनी ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से नगरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित वातावरण मिलेगा। विवेकानंद उद्यान के विकसित होने से नागरिकों को सुबह-शाम घूमने, व्यायाम करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। वहीं गौरव पथ पर फुटपाथ बनने से पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी और आवागमन भी व्यवस्थित होगा।
पालिकाध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने और उन्हें धरातल पर उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी नगर के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।


