Uncategorized

एक के बाद एक ठगी! चांपा में पोस्ट ऑफिस एजेंट पर दूसरा गंभीर आरोप …

img 20260514 wa00016779935492805044180 Console Corptech

चांपा। नगर में पोस्ट ऑफिस के नाम पर लोगों की वर्षों की मेहनत की कमाई हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। इमली घाट निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता उर्फ कांतु पर पोस्ट ऑफिस एजेंट बनकर लोगों से लाखों रुपये जमा कराने और उसे पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। मामला सामने आते ही नगर में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी बीते कई वर्षों से घर-घर जाकर पोस्ट ऑफिस की विभिन्न बचत योजनाओं का प्रचार करता था। वह लोगों को बेहतर ब्याज और सुरक्षित निवेश का झांसा देकर हर माह रकम वसूलता रहा। हितग्राहियों को भरोसा दिलाया जाता था कि उनकी राशि पोस्ट ऑफिस खातों में जमा कर दी जा रही है।

लेकिन जब कुछ हितग्राहियों ने अपने खातों की जानकारी लेने के लिए पोस्ट ऑफिस पहुंचकर जांच की, तो पता चला कि कई खातों में रकम जमा ही नहीं की गई है। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ और पीड़ितों में आक्रोश फैल गया।
बुधवार को करीब 50 से 60 महिला-पुरुष हितग्राही आरोपी के घर पहुंचे और अपनी जमा रकम वापस करने की मांग करने लगे। आरोप है कि आरोपी की पत्नी ने कृष्ण कुमार गुप्ता के घर पर मौजूद न होने की बात कहकर लोगों को वहां से हटने को कहा। इससे नाराज महिलाओं ने घर के सामने टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया।

धरने पर बैठी हितग्राही ने बताया कि यादव पारा क्षेत्र के ही लगभग 80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की राशि फंसी होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों ने मजदूरी, बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए अपनी जमा पूंजी यहां निवेश की थी, जो अब संकट में पड़ गई है।
धरने और हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि हितग्राहियों का कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी पूरी जमा रकम वापस चाहिए। मामले को लेकर नगर में चर्चा और रोष का माहौल बना हुआ है।

Related Articles