


चांपा। नगर के हटवारा चौक स्थित शंभु दुकान के सामने ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग के बाद विद्युत विभाग ने आज सुबह 11 बजे से ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य शुरू किया। लगातार करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नया ट्रांसफार्मर लगाकर लाइन चालू की गई। दोपहर 4 बजकर 30 मिनट पर जैसे ही बिजली बहाल हुई, क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।


गौरतलब है कि गुरुवार की देर रात लगभग 11 बजे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई थी, जिसके चलते पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इस तरह शुक्रवार दोपहर 4:30 बजे तक कुल मिलाकर लगभग 17 घंटे तक बिजली बंद रही, जिससे हटवारा चौक और आसपास के मोहल्लों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।


विद्युत विभाग की टीम मौके पर डटी रही और लगातार 5 घंटे तक काम कर ट्रांसफार्मर बदलने के साथ क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त किया। आग की लपटें बेहद भयानक थीं, जिससे बिजली के तार जलकर राख हो गए और पूरी लाइन बंद करनी पड़ी। हालांकि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात रही।
आज सुबह से मौसम में बदलाव और हल्की बारिश के साथ बदली छाए रहने के कारण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, अन्यथा लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ सकती थी। फिलहाल हटवारा चौक के आसपास के सभी मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति सामान्य रूप से चालू कर दी गई है।





