

चांपा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर चांपा नगर के बरछा पारा में आयोजित क्वांर नवरात्रि पर्व एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है। 11 अक्टूबर से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में दूसरे दिन कथा वाचक आचार्य पंडित शीतल प्रसाद द्विवेदी महाराज ने मां भगवती की महिमा, शक्ति उपासना और देवी कृपा से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

बीज मंत्र के जाप से प्राप्त होती है भगवती की कृपा – कथा के दौरान आचार्य पंडित शीतल प्रसाद द्विवेदी महाराज ने सुदर्शन के आख्यान का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार देवी के बीज मंत्र के प्रभाव से उन्हें भगवती की कृपा प्राप्त हुई। उन्होंने भगवती के मणिद्वीप की महिमा और भक्तों द्वारा देवी की कृपा प्राप्त करने से जुड़े प्रसंगों का भी विस्तार से वर्णन किया। महाराज ने माता ब्रह्मचारिणी के स्वरूप और नवदुर्गा के चरित्र की व्याख्या करते हुए श्रद्धालुओं को देवी उपासना का महत्व समझाया।
अल्प समय में भी मां के नाम का स्मरण कल्याणकारी – आचार्य महाराज ने कहा कि मानव जीवन में मां भगवती की कृपा प्राप्त करने के लिए सच्ची श्रद्धा और भक्ति का विशेष महत्व है। मां के नाम का स्मरण और संकीर्तन मनुष्य को आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति कराता है। उन्होंने नवाह्न यज्ञ की महत्ता तथा श्रीमद् देवी भागवत कथा के श्रवण से मिलने वाले आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला।

भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ बरछा पारा – कथा के दौरान मां भगवती के नाम के संकीर्तन और भक्तिमय भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन स्थल पर लगातार श्रद्धालुओं की उपस्थिति बनी हुई है। सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित यह धार्मिक महोत्सव 19 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 8 बजे तक देवी भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर कथा श्रवण करने और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



