स्मार्ट मीटर के खिलाफ घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस, धान खरीदी केंद्रों का भी होगा भौतिक निरीक्षण …


जांजगीर-चांपा। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा की मासिक बैठक चांपा के सिवनी स्थित डी.बी. तनिष्क में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी आशीष सिंह ठाकुर प्रमुख रूप से शामिल हुए। बैठक में स्मार्ट मीटर की समस्या और आगामी धान खरीदी को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने जिला प्रभारी आशीष सिंह ठाकुर का स्वागत किया। बैठक में एजेंडे के विभिन्न विषयों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
स्मार्ट मीटर के खिलाफ घर-घर अभियान चलाएगी कांग्रेस – बैठक में स्मार्ट मीटर से लोगों को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस ने निर्णय लिया कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भरवाएंगे। इसके माध्यम से स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं को सामने लाने और जनता की शिकायतों को संगठित रूप से उठाने की रणनीति बनाई गई।
धान खरीदी केंद्रों का होगा भौतिक निरीक्षण– जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के धान संग्रहण एवं उपार्जन केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान केंद्रों की व्यवस्थाओं और वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी आशीष सिंह ठाकुर ने कहा कि बिजली बिल हाफ योजना की बहाली, स्मार्ट मीटर की वापसी और बिजली दरों में वृद्धि जैसे मुद्दों को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब और मजदूर वर्ग की जेब पर पड़ रहे अतिरिक्त भार को रोकना कांग्रेस का लक्ष्य है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने दोनों प्रमुख विषयों पर विस्तार से अपनी बात रखी और कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रमेश पैगवार, जिला संगठन महामंत्री शिशिर द्विवेदी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साधवानी, सदन यादव, युवक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष शशि जगत, सेवादल अध्यक्ष देवकुमार पांडे, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष लोकेश राठौर, महिला कांग्रेस से माधुरी आदित्य, संगीता अग्रवाल, नम्रता नामदेव तथा जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष रफीक सिद्दकी ने किया, जबकि आभार जिला प्रवक्ता नागेन्द्र गुप्ता ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर धीरेंद्र बाजपेई, मनोज तिवारी, कन्हैया राठौर, भागवत साहू, ऋषिकेश उपाध्याय, किशन सोनी, रामराज्य पांडेय, गौतम राठौर, प्रिंस शर्मा, सेवक राम देवांगन, गोविंद देवांगन, रघुनन्दन साहू, राज अग्रवाल, ऋतु तिवारी, अंजली देवांगन, दुर्गा कुर्रे, योगेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
