

जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संभालने और VIP सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में 13 सितंबर 2026 से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में पंडित अनिरुद्धाचार्य महाराज के प्रवचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में लाखों की भीड़ उमड़ने के साथ ही VIP गणों का आगमन भी हुआ। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन तथा SDOP चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ ड्यूटी निभाई। पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने, यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा VIP सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों के समन्वित प्रयासों से व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा गया।
इन पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान – उत्कृष्ट ड्यूटी के लिए निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, थाना प्रभारी बिर्रा; निरीक्षक पारस पटेल, थाना प्रभारी बम्हनीडीह; निरीक्षक लालन पटेल, यातायात; ASI राजेंद्र सिंह क्षत्रिय, प्रभारी पुलिस सहायता केंद्र राहौद; प्रधान आरक्षक मिलन राठौर, अनुराग सिंह एवं छगन साहू; आरक्षक रामकुमार कंवर, पुनेश्वर आजाद एवं उमेश कश्यप; सैनिक सुरेश साहू तथा महिला आरक्षक ऋतु लहरे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे बड़े आयोजनों में पुलिस की सजगता, अनुशासन और समर्पण महत्वपूर्ण होता है। पुलिसकर्मियों की उत्कृष्ट ड्यूटी से विभाग का मनोबल बढ़ता है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है।



