Uncategorized

शहनाज अख्तर के भजनों पर झूम उठा जांजगीर, मेधावियों को मिले 21-21 हजार रुपये,हरि लीला ट्रस्ट का भव्य आयोजन …

जांजगीर-चांपा। सेवा, समर्पण और सद्भाव के संकल्प के साथ जनहित के कार्यों में जुटे हरि लीला ट्रस्ट का आयोजन ‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम मां के नाम’ शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर की भक्तिमय प्रस्तुतियों पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते रहे और माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, जनसेवा और प्रतिभा सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला।केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू सपरिवार शामिल हुए।

जनसेवा के कार्यों की अतिथियों ने की सराहना – केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने हरि लीला ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में सेवा, सहयोग और समरसता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाली पहल है।

सांसद कमलेश जांगड़े ने ट्रस्ट की सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ट्रस्ट ने अपने कार्यों और आयोजनों से अंचल में विशिष्ट पहचान बनाई है। वहीं, नारायण चंदेल, विधायक व्यास कश्यप और जिला भाजपा अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने भी ट्रस्ट की जनहितकारी पहलों तथा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। हरि लीला ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सक्रिय है। ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र और व्हीलचेयर उपलब्ध कराने, जरूरतमंद परिवारों की मदद, गरीब बेटियों के विवाह में सहयोग, अन्न सेवा, गौसेवा और पौधरोपण जैसे कार्य किए जाते हैं। कोविड काल में भी ट्रस्ट ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, चिकित्सा उपकरणों और दवाइयों के माध्यम से सहयोग किया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरक कार्यक्रम और ‘सफलता संकल्प उत्सव’ जैसे आयोजन भी किए जाते हैं।

टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों को मिला 21-21 हजार का सम्मान – कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले जिले के तीन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में टॉप-10 में स्थान बनाने वाली सरस्वती शिशु मंदिर चांपा की छात्रा खुशबू देवांगन तथा कक्षा 10वीं में टॉप-10 में जगह बनाने वाले विवेकानंद उत्तर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर के नैतिक गौतम और लोकेश राठौर को 21-21 हजार रुपये के चेक, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से ट्रस्ट ने प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

‘समाज से जो मिलता है, उसे लौटाना ही जनसेवा’ ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने अतिथियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से जो मिलता है, उसे समाज को लौटाना ही जनसेवा है। ट्रस्ट सचिव अमर सुल्तानिया ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों की जानकारी देते हुए लोगों से सेवा एवं सामाजिक विकास की गतिविधियों में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान लीलाधर सुल्तानिया का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। 15 अक्टूबर को जन्मदिन होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी आमंत्रण पर केक काटा। अंत में शहनाज अख्तर की भजन प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन हितेश यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रकाश शर्मा ने किया।

Related Articles