नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए 250 विद्यार्थियों ने दी नि:शुल्क स्व-मूल्यांकन परीक्षा …


जांजगीर-चांपा। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे ग्रामीण विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और परीक्षा का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम चोरभट्ठी स्थित गुरुकृपा अमृत लाल कश्यप बाल संस्कार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नि:शुल्क नवोदय विद्यालय स्व-मूल्यांकन परीक्षा 2026 का आयोजन किया गया। इसमें जिले के करीब 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि विभिन्न जिलों में आयोजित परीक्षा में लगभग 2500 विद्यार्थी शामिल हुए।
परीक्षा का आयोजन कुर्मी क्षत्रिय समाज, स्व-मूल्यांकन समिति बिर्रा एवं विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त उच्च वर्ग शिक्षक घनश्याम सिंह ठाकुर ने की। मुख्य अतिथि तहसीलदार शशि भूषण सोनी रहे। कार्यक्रम में कुर्मी समाज के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर कश्यप, युवा प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर कश्यप, सरपंच नेतराम कश्यप सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि शशि भूषण सोनी ने कहा कि नवोदय विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करता है। ग्रामीण विद्यार्थी भी मेहनत एवं नियमित अध्ययन से विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

आयोजकों के अनुसार, परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता का आकलन करने के साथ प्रतियोगी परीक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है। कार्यक्रम का संचालन ज्योति कुमार कश्यप ने किया। विद्यालय के प्राचार्य विश्वनाथ कश्यप सहित आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



