Uncategorized

कलेक्टर ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण, किसानों की वास्तविक फसल होगी दर्ज …

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेशभर में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत जिले में कार्य तेज गति से चल रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज ग्राम पंचायत बनारी पहुंचकर सर्वे कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसान श्रीमती शांति बाई के खेत में मोबाइल ऐप के माध्यम से फसल का डिजिटल सर्वे किया और कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों की वास्तविक फसल स्थिति का आकलन करना है, ताकि उन्हें राज्य और केंद्र शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

जिले के 392 ग्रामों में 1696 सर्वेयरों की टीम द्वारा करीब 4 लाख 75 हजार से अधिक खसरों का डिजिटल सर्वे किया जाएगा। यह सर्वे 15 अगस्त से शुरू होकर 30 सितम्बर तक चलेगा।

कलेक्टर ने सभी सर्वेयरों को समय पर और त्रुटिरहित सर्वे पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बनारी में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्यों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को एग्रीस्टैक में शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसएलआर विनय पटेल, पटवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। प्रशासन का मानना है कि इस सर्वे के बाद धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों की वास्तविक उपज का सही आकलन हो सकेगा।

Related Articles