महतारी वंदन योजना के तहत E-KYC कार्य प्रारंभ, आंगनबाड़ी केंद्रों में उमड़ी महिलाओं की भीड़ …






चांपा। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ई-केवाईसी का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं अपना केवाईसी कराने पहुंच रही हैं।


आंगनबाड़ी केंद्रों में ई-केवाईसी के लिए महिलाओं को MVY नंबर/आईडी के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। प्रक्रिया के दौरान महिलाओं की फोटो ली जा रही है, अंगूठे का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक कन्फर्मेशन संदेश भेजा जा रहा है। मोबाइल पर आए संदेश के सत्यापन के बाद ई-केवाईसी पूर्ण मानी जा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि महतारी वंदन योजना का आगे लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। जिन लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा नहीं होगा, उन्हें योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है।


प्रशासन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं से अपील की गई है कि वे समय पर अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि भविष्य में योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।






