सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का औचक निरीक्षण, ग्राम कोसला पहुंचे मुख्यमंत्री …




जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला में सुशासन तिहार के तहत आज उस समय प्रशासनिक हलचल मच गई, जब विष्णुदेव साय का हेलिकॉप्टर अचानक गांव में उतरा। मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सतर्क हो गया, वहीं ग्रामीणों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।



मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी ग्रामीणों से चर्चा कर शासन की योजनाओं की जानकारी ली और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस अचानक दौरे से जहां प्रशासनिक व्यवस्था की सक्रियता सामने आई, वहीं ग्रामीणों को अपनी बात सीधे शासन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का अवसर मिला।





