Uncategorized

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया ….

img 20260212 wa00363708323196205956870 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8 करोड़ 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 09 डेबिट कार्ड, 08 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 03 महंगे मोबाइल फोन एवं 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (उम्र 38 वर्ष) निवासी अखराभांठा, सक्ती ने दिनांक 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान कलकत्ता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी, जिसने शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का प्रलोभन दिया। आरोपी ने हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज देने और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच दिया।
आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी एवं अन्य लोगों ने नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी एवं चेक के माध्यम से कुल 8.45 करोड़ रुपये का निवेश किया। प्रारंभ में कुछ निवेशकों को कुछ महीनों तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी ने कंपनी घाटे का बहाना बनाकर राशि लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी और झूठे वादे करता रहा।
जांच में आरोपी द्वारा छल-कपट एवं बेईमानीपूर्वक धोखाधड़ी कर स्वयं का लाभ अर्जित करना पाए जाने पर थाना चांपा मे धारा 420, 34 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी विश्वजीत देबनाथ को ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) से हिरासत में लिया
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम से क्रेटा कार खरीदने, सोना लेने, घर का रंग-रोगन कराने तथा सोना आईडीबीआई बैंक में रखने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को विधिवत रिमांड पर लिया है तथा प्रकरण में आगे की पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पो एवं साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles