चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, चांपा पुलिस ने भेजा जेल …


चांपा। थाना चांपा क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। मामले में एक नाबालिग के शामिल होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को चांपा निवासी सूरज कुमार यादव ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई दीपक कुमार यादव पर संजू केंवट एवं उसके साथी ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और आसपास के लोगों की मदद से घायल दीपक को उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई – मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर संजू केंवट (27 वर्ष), निवासी कंवरपारा चांपा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में अपराध स्वीकार, चाकू बरामद – पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नाबालिग की भूमिका की भी जांच – पुलिस ने बताया कि मामले में एक नाबालिग के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। प्रकरण में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, आरक्षक ईश्वरी राठौर एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

