Uncategorized

हाईवे एवं प्रमुख मार्गों से मवेशियों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश …

img 20260831 wa00988615170210843054923 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का प्रभावी पालन कराने के संबंध में विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

  कलेक्टर ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है, वहां आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, कैट आई, सड़क प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने हाईवे एवं प्रमुख सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हांकित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध कब्जों एवं अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है। उन्होंने राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, नगरीय निकायों, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आपसी समन्वय से कार्रवाई करते हुए सड़क सुरक्षा में बाधक अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए तथा दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी भी रखी जाए।

कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद प्रारंभिक समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को रोकने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़कों पर मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की स्थिति बनने की संभावना हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी रखते हुए सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने दुर्घटनाजन्य स्थलों पर जिग-जैग मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, साइन बोर्ड एवं रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने नेशनल एवं स्टेट हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने तथा ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव एवं ढाबों के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ओवरलोडिंग एवं अन्य अनियमितताओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सके। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Articles