

जांजगीर-चांपा। दीपावली पर्व को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने जांजगीर में छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त पटाखों का कुल वजन 1 क्विंटल 60 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये है। मामले में राहुल महंत, निवासी वार्ड क्रमांक 20, जांजगीर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में दीपावली के मद्देनजर जुआ, सट्टा तथा अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अवैध रूप से पटाखे रखे जाने की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह एवं मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास सहित कोतवाली स्टाफ का योगदान रहा।



