

चांपा। नगर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगरीय प्रशासन के साथ रेलवे प्रशासन भी अब सख्त रुख अपना रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 5 सितंबर को रेलवे प्रशासन ने चांपा-भोजपुर मार्ग के अंडरब्रिज के समीप रेलवे क्षेत्र से सटाकर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रेलवे की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चांपा से भोजपुर मार्ग की ओर जाने वाले अंडरब्रिज से बाहर निकलते ही रेलवे क्षेत्र से सटाकर कुछ लोगों द्वारा निर्माण कराया जा रहा था। रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य बंद करने और अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर रेलवे प्रशासन ने मामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी।

शनिवार को रेलवे प्रशासन की टीम राजस्व अधिकारियों एवं चांपा पुलिस की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण करने के बाद अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की और बुलडोजर की मदद से निर्माण को तोड़कर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
रेलवे अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रेलवे क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि रेलवे क्षेत्र में दोबारा किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद रेलवे क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में रेलवे क्षेत्र में किए गए अन्य अतिक्रमणों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जा सकती है।



