Uncategorized

इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग, 70 हजार की मांग करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार …

img 20260618 wa00352477888252264767285 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर युवती के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर 70 हजार रुपये की मांग करने वाले मुख्य आरोपी को जांजगीर पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

मामले में पीड़िता द्वारा थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी अकबर खान ने इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर नजदीकियां बढ़ाईं और जांजगीर आकर झांसे में लेकर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी ने उक्त फोटो-वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल करना शुरू कर दिया और उन्हें हटाने के एवज में 70 हजार रुपये की मांग करने लगा। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी जांच कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी बिहार में छिपा हुआ है। इस पर नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार कँवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार राज्य के आरोपी अकबर खान पिता एनुअल खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चूरेसर, थाना अमझोर, जिला रोहतास को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पैसे न मिलने पर आरोपी लगातार फोटो-वीडियो वायरल कर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।उल्लेखनीय है कि इस मामले में पूर्व में दो स्थानीय आरोपी प्रेम कुमार सूर्यवंशी और शिवम भवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), निरीक्षक रंजीत कुमार कँवर (चौकी प्रभारी नैला), एएसआई अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर एवं आरक्षक लीला राम साहू की विशेष भूमिका रही।

Related Articles