Uncategorized

चांपा की समस्याओं पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, 10 दिन में निराकरण नहीं तो होगा जन आंदोलन …

चांपा। नगर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी चांपा ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने रामबांधा तालाब की साफ-सफाई, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, वार्ड क्रमांक 1 से 27 तक नालियों की नियमित सफाई, सड़कों की मरम्मत और सड़क चौड़ीकरण सहित कई मुद्दे उठाए। कांग्रेस ने प्रशासन को 10 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है। निर्धारित अवधि में उचित कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जन आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

रामबांधा तालाब में गंदगी और जलकुंभी पर जताई चिंता – जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना प्रशासन और नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। रामबांधा तालाब में गंदगी और जलकुंभी की समस्या के साथ साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए चिंताजनक है। उन्होंने जनहित में इन समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि स्वच्छ वातावरण, बेहतर सड़कें, नियमित नाली सफाई और पर्याप्त प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं नागरिकों का अधिकार हैं। लंबे समय से लंबित समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है। संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
वार्ड 1 से 27 तक सफाई और स्ट्रीट लाइट सुधारने की मांग – ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साधवानी ने कहा कि शहर कांग्रेस कमेटी लगातार नगरवासियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाती रही है। रामबांधा तालाब की नियमित सफाई, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने और वार्ड क्रमांक 1 से 27 तक नालियों की साफ-सफाई सहित सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग जनहित से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान होने तक कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी।

सड़क चौड़ीकरण और भारी वाहनों के आवागमन का मुद्दा – नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय ने कहा कि प्रमुख मार्गों और गलियों की बदहाल स्थिति, अंधेरी सड़कें तथा साफ-सफाई की अव्यवस्था से आम नागरिक परेशान हैं। नगर के भीतर भारी वाहनों के आवागमन की समस्या पर भी गंभीरता से विचार कर उचित व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आश्वासन देने के बजाय धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन में बैरियर चौक से घटोली चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण, प्रमुख मार्गों से लेकर गलियों तक सड़कों की मरम्मत और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग भी शामिल है।

पहले भी की गई थी शिकायत, अब आंदोलन की चेतावनी – कांग्रेस नेताओं के अनुसार, नगर की इन समस्याओं के संबंध में पूर्व में मुख्य नगरपालिका अधिकारी को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर कांग्रेस ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर निराकरण की मांग की है। निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं होने पर जन आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नागेन्द्र गुप्ता, सेवक देवांगन, तमेंद्र देवांगन, अनिल रात्रे, पवन आर्य जिब्बु, दुर्गा कुर्रे, पुरुषोत्तम देवांगन, ललित देवांगन, गिरधर देवांगन, पवन साहू, राज अग्रवाल, शांति सोनी, समिष्ठा कंसारी, लता श्रीवास, अनीता प्रकाश, स्वाति बंसियार, श्याम बाई, भालचंद तिवारी, समद बेग, हरदयाल कंवर, डुग्गू प्रधान, रंजन केवंत, पुनीराम देवांगन, राकेश जोशी, राजू शर्मा, भागीरथी दुबे, शैलेश शर्मा, बलबीर सिंह, एकांश तिवारी, हाशिम खान, एम.डी. अंसारी, गजेंद्र देवांगन, संतोष चंद, गोविंद देवांगन, रमेश, ओम देवांगन, हरीश श्रीवास, साहिल सौदागर, संजय साधवानी, इकबाल अंसारी और विष्णु गाड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Related Articles