Uncategorized

कलयुगी पिता ने 5 वर्षीय बेटे की नहर में डुबोकर हत्या, पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे की नहर के गहरे पानी में डुबोकर हत्या कर दी। घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है। आरोपी रेशम लाल यादव (27 वर्ष), निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़, ने पारिवारिक विवाद के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। घरेलू विवाद और मारपीट के कारण उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ मायके ग्राम भिलौनी में रह रही थी, जबकि 5 वर्षीय बेटा आयुष आरोपी के पास था।
बताया गया है कि आरोपी अक्सर पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे की हत्या करेगा और फिर स्वयं भी आत्महत्या कर लेगा। 13 मार्च की शाम आरोपी बेटे आयुष को लेकर घर से निकला और 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा नहर में मासूम को डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रात लगभग 2 बजे आरोपी पत्नी के घर पहुंचा और स्वयं ही बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी सावन सारथी द्वारा आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles