रामेश्वर महादेव मंदिर चांपा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया महाशिवरात्रि पर्व …




चांपा। आदर्श नगर, जगदल्ला स्थित श्रीरामेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व शिवभक्तों ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक पूजा, हवन, महाआरती सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। साथ ही विशाल शोभायात्रा एवं भंडारा प्रसाद वितरण का भी आयोजन हुआ।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव–पार्वती विवाह के उपलक्ष्य में शिव की भव्य बारात निकाली गई। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर बरपाली चौक तक गई। इसमें आदर्श नगर के महिला-पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
आदर्श नगर निवासियों द्वारा प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर इस तरह की शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। नगर के शिवभक्तों ने विभिन्न स्थानों पर भंडारा प्रसाद का भी आयोजन किया। आयोजकों के अनुसार यह पांचवीं भव्य शोभायात्रा थी, जिसमें श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
इस संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्री रामेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की सफलता में समिति सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








