Uncategorized

50 लाख से अधिक कीमत के मादक पदार्थों का नष्टीकरण, 1 क्विंटल 921 किलो गांजा भट्ठी में जलाया …

चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग प्रकरणों में जब्त किए गए 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। 27 नवंबर को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में यह कार्रवाई चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL), कोटाडबरी के औद्योगिक प्लांट की भट्ठी में की गई।

नष्टीकरण के दौरान कुल 1 क्विंटल 921 किलोग्राम गांजा, 22 नग नशीली सिरप और 8,900 नग नशीली टैबलेट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जब्त सामग्री के विधिसम्मत नष्टीकरण को भी इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क, एसडीओपी चांपा लोकेश बंसल, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, जिला आबकारी अधिकारी सीलारानी इक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी, निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे सहित जिला अपराध शाखा के पूर्व प्रभारी सेवानिवृत्त प्रधान आरक्षक जगदीश्वर प्रसाद, आरक्षक श्याम सुंदर जांगड़े, शैलेन्द्र पटेल और मालखाना प्रभारी प्रधान आरक्षक देव रत्नाकर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार से दूर रहने और नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Related Articles