जांजगीर में ACB की बड़ी ट्रैप कार्रवाई, CSPDCL के तीन अधिकारी 35 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार …






जांजगीर-चांपा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर (ACB) की टीम ने सीएसपीडीसीएल जांजगीर के सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं सहायक ग्रेड-1 को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 20 मार्च 2026 को व्यापक ट्रैप अभियान के तहत की गई।


ACB से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) जांजगीर में पदस्थ सहायक अभियंता विजय नोर्गे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला तथा सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर पर ट्रांसफार्मर एवं मीटर लगाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।
डीएसपी ACB बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि जांजगीर निवासी प्रदीप यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्राम खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट स्थापित करना चाहता है। इसके लिए ट्रांसफार्मर लगाने हेतु उसने CSPDCL कार्यालय जांजगीर में आवेदन कर डिमांड नोट की राशि भी जमा कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा कार्य के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के अनुसार, उप अभियंता द्वारा 10 हजार रुपये तथा सहायक अभियंता और उनके सहायक द्वारा 25 हजार रुपये की मांग की गई थी।


शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। 20 मार्च को प्रार्थी को रिश्वत राशि देने के लिए CSPDCL कार्यालय भेजा गया, जहां उसने उप अभियंता को 10 हजार रुपये तथा सहायक अभियंता के निर्देश पर सहायक ग्रेड-1 को 25 हजार रुपये दिए। संकेत मिलते ही पहले से तैनात ACB टीम ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और रिश्वत की पूरी रकम 35 हजार रुपये बरामद कर ली।
ACB द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 एवं 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। ACB ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विभाग में यदि कोई लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।





