



जांजगीर-चांपा। जिले में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 31 मार्च 2026 को महिला थाना जांजगीर का विधिवत शुभारंभ किया गया। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा फीता काटकर महिला थाने का उद्घाटन किया गया।


इस अवसर पर आईजी बिलासपुर रेंज ने परिवार परामर्श केंद्र से जुड़े काउंसलरों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और पारिवारिक विवादों के समाधान में निभाई जा रही अहम भूमिका के लिए पहचान पत्र (ID कार्ड) प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि काउंसलर समाज में पारिवारिक समरसता बनाए रखने की मजबूत कड़ी हैं और उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है।


कार्यक्रम के दौरान जिले की गठित महिला कमांडो टीम की भी आईजी द्वारा विशेष प्रशंसा की गई। उन्होंने महिला कमांडो टीम के अनुशासन, साहस और सहयोगात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे महिला सुरक्षा के लिए एक सशक्त कदम बताया।आईजी रामगोपाल गर्ग ने जिले के प्रेस प्रतिनिधियों से भी सौहार्दपूर्ण भेंट कर पुलिस की प्राथमिकताओं, महिला थाना की भूमिका और महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं को एक सुरक्षित, संवेदनशील और विश्वासपूर्ण वातावरण प्रदान करेगा।
इस दौरान सायबर थाना जांजगीर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए साइबर अपराधों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन, विश्लेषण एवं संरक्षण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी ने साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के लिए निरंतर जागरूक करना समय की आवश्यकता है। इसी क्रम में उन्होंने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित “संचार साथी” मोबाइल एप एवं पोर्टल की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान जिले के गणमान्य नागरिकों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आईजी ने कहा कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही पुलिस और प्रशासन अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकता है। सम्मानित नागरिकों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त आईजी बिलासपुर ने जिले के आदिवासी गोड़ समाज के लोगों से भी भेंट कर शराब निर्माण छोड़ स्वरोजगार की राह अपनाने की उनकी पहल की सराहना की। साथ ही पुलिस ड्रोन कैमरे का निरीक्षण कर उसके रख-रखाव एवं सुरक्षित संचालन को लेकर आवश्यक जानकारी भी दी।
इस गरिमामय अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसपी विजय कुमार पाण्डेय, एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर सहित जिले के पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।








