चावल सौदे में 1.70 लाख की ठगी करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार,जांजगीर/साइबर टीम की कार्रवाई …






जांजगीर-चांपा। चावल खरीदी–बिक्री के नाम पर 1 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई कोतवाली जांजगीर पुलिस और साइबर टीम की सक्रियता से की गई, जिसमें आरोपी को बिहार के अररिया जिले से पकड़ा गया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ओम प्रकाश शर्मा पिता दीप लाल शर्मा, निवासी बिहार ने मोबाइल के माध्यम से चावल का सौदा तय कर फोन-पे और बैंक खाते में रकम लेने के बाद मोबाइल बंद कर प्रार्थी के साथ धोखाधड़ी की थी। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंक खाता और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल, प्रोपराइटर सुलोचना फूड, निवासी जांजगीर ने 12 मार्च 2026 को कोतवाली जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि चावल ब्रोकर अंजनी अग्रवाल के माध्यम से आरोपी ओम प्रकाश शर्मा से मोबाइल पर संपर्क हुआ और 900 क्विंटल चावल 2980 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक्री का सौदा तय हुआ। इसके बाद ट्रक भाड़ा एवं अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग किस्तों में फोन-पे और खाते के जरिए कुल 1,70,000 रुपये लिए गए। सौदा तय होने के बाद आरोपी ने माल का बिल भेजा, लेकिन चावल की गाड़ी नहीं भेजी और मोबाइल बंद कर दिया।


प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल (रा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर तकनीकी का उपयोग कर आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया गया। जांच में आरोपी का संबंध जिला अररिया, बिहार से पाए जाने पर CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस व साइबर थाना की संयुक्त टीम बिहार रवाना की गई। पुलिस टीम ने बिहार के अररिया जिले के मालद्वार क्षेत्र से आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चावल ट्रेडिंग के नाम पर रकम लेकर धोखाधड़ी करने का अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी कोतवाली, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना से निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा एवं आरक्षक माखन साहू का विशेष योगदान रहा।






