


जांजगीर-चांपा। जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राम मड़वा में हुई चोरी की घटना का कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो नाबालिगों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया टीवी, लैपटॉप, प्रोजेक्टर सहित लगभग 80 हजार रुपये की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वा के शिक्षक द्वारा थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 15 मई 2026 की शाम स्कूल बंद कर स्टाफ घर चला गया था। 18 मई 2026 की सुबह स्कूल के प्राचार्य द्वारा सूचना दी गई कि स्कूल का ताला टूटा हुआ है और चोरी की घटना हुई है। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष और स्टाफ रूम के ताले टूटे हुए थे। स्टाफ रूम में लगा टीवी, प्रोजेक्टर तथा कार्यालय में रखा एक लैपटॉप अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था, वहीं प्रयोगशाला व कार्यालय में तोड़फोड़ भी की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल व आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर घेराबंदी की और आरोपी उमेश बंजारे उर्फ ननकी, पिता सोनसाय बंजारे, उम्र 22 वर्ष, निवासी औराईकला, चौकी नैला जांजगीर को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया टीवी, लैपटॉप व प्रोजेक्टर, कुल कीमत लगभग 80,000 रुपये, जप्त किया। आरोपी उमेश बंजारे को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक शंकर राजपूत एवं आरक्षक तोरण डहरिया की विशेष भूमिका रही।





