महंगाई को लेकर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, राजेश अग्रवाल बोले—‘भाजपा सरकार में बिगड़ा आम आदमी के घर का बजट’ …


जांजगीर-चांपा। बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते आम आदमी महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि चीनी, खाद्य तेल, दाल, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से लोगों के घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
महंगाई की मार से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित – राजेश अग्रवाल ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारों की आमदनी के मुकाबले खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों के सामने आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
मुफ्त राशन की आड़ में गरीबी बढ़ाने का आरोप’ – कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार की मुफ्त राशन योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार हितग्राहियों को 35 किलो मुफ्त चावल देने की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर महंगाई बढ़ने से आम लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुफ्त राशन की आड़ में देश के लोगों को गरीबी के दलदल में धकेला जा रहा है।
बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना – श्री अग्रवाल ने कहा कि आज कई परिवार कर्ज लेकर अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा रहे हैं, लेकिन शिक्षा पूरी करने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया शक्कर और पी गया तेल’ – महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक निशाना साधते हुए नारा दिया— “वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया शक्कर और पी गया तेल।” उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

