‘एक राखी साइबर जागृति’ का प्रदेश में डंका, जांजगीर-चांपा पुलिस को राज्य स्तरीय पुरस्कार …


जांजगीर-चांपा। साइबर अपराधों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा चलाए गए अभिनव अभियान ‘एक राखी साइबर जागृति’ को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नवाचार (इनोवेशन) श्रेणी में मिले इस सम्मान से जिले की पुलिस को एक नई पहचान मिली है। 9 अक्टूबर को रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने यह पुरस्कार प्रदान किया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया था। अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि 27 अगस्त को सामने आई, जब महज एक घंटे में 1 लाख 65 हजार लोगों को साइबर जागरूकता की राखी बांधकर साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया गया। व्यापक जनभागीदारी के जरिए लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के इस प्रयास को राज्य स्तर पर सराहना मिली।
राखी के जरिए दिया साइबर सुरक्षा का संदेश – अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। राखी जैसे सामाजिक और भावनात्मक प्रतीक के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की पहल को पुलिस की नवाचारपूर्ण कोशिश के रूप में देखा गया। जांजगीर-चांपा पुलिस की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क ने समारोह में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया।
जनभागीदारी और सामुदायिक पुलिसिंग को मिली पहचान – यह सम्मान साइबर अपराधों की रोकथाम, जनजागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में जांजगीर-चांपा पुलिस के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अभियान ने यह संदेश दिया कि साइबर ठगी से बचाव के लिए केवल तकनीकी उपाय ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता भी बेहद जरूरी है।
राज्य स्तरीय पुरस्कार मिलने से जिले में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए गए इस अभिनव प्रयास को नई पहचान मिली है।



